” y ” श्रेणी की सुरक्षा होने के बावजूद भी हो गई NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या ।

एडिटर , भारत न्यूज लाइव
महाराष्ट्र । मुंबई में अजित पवार गुट के एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। यह घटना बांद्रा इलाके में शनिवार रात हुई, जब सिद्दीकी अपने बेटे के दफ्तर से बाहर निकल रहे थे। घटना के समय पटाखे फूट रहे थे, जिसकी आवाज में हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। जानकारी के मुताबिक, यह वारदात रात 9:15 से 9:20 बजे के बीच हुई। गोली लगने के बाद सिद्दीकी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
आखिरकार मुंबई पुलिस ने पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या से जुड़े दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए व्यक्ति हरियाणा और उत्तर प्रदेश से हैं. इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है. फिलहाल मुंबई क्राइम ब्रांच इस मामले की तहकीकात कर रही है. हत्या के पीछे के कारण अभी साफ नहीं हुए हैं, लेकिन यह माना जा रहा है कि यह किसी व्यापारिक दुश्मनी का परिणाम हो सकता है l
पुलिस ने इस हत्या को सुपारी किलिंग के रूप में देखा है और मामले की गहराई से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि सिद्दीकी को 15 दिन पहले ही धमकियां मिली थीं, और उन्हें Y कैटेगरी की सुरक्षा भी प्रदान की गई थी। इसके बावजूद, उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जा रही है, जिस पर सवाल उठ रहे हैं। इस घटना ने मुंबई में राजनीतिक हलकों को हिला कर रख दिया है, और इस हत्या के पीछे की साजिश का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस लगातार जांच में जुटी है। कई राजनीतिक नेताओं ने इस हत्या की कड़ी निंदा की है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और अन्य प्रमुख नेताओं ने इसे राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवालिया निशान बताया है। पुलिस ने मौके से कई सुराग जुटाए हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि हमलावर पिछले कुछ दिनों से इलाके की रेकी कर रहे थे। बाबा सिद्दीकी की हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक और राजनीतिक साथी अस्पताल पहुंचे। इस घटना से सिद्दीकी के करीबी और राजनीतिक हलके स्तब्ध हैं। वहीं, उनके परिवार के लिए यह एक गहरा सदमा है। यह हत्या महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा मोड़ मानी जा रही है, और इसके बाद की जांच और गिरफ्तारी पर नजरें टिकी हुई हैं ।


