भारत न्यूज़ लाइव
हरिद्वार: हरिद्वार जिले में ड्रग विभाग की सख्त कार्रवाई जारी है। ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने झबरेड़ा क्षेत्र में स्थित एक दवा कंपनी में छापा मारा, जहां निरीक्षण के दौरान कई खामियां पाई गईं। इसके बाद कंपनी के मालिक को नोटिस जारी किया गया और 5 दवाइयों के सैंपल लिए गए हैं।
औचक निरीक्षण में मेडिकल स्टोर्स पर ताला
इसके अलावा, ड्रग इंस्पेक्टर ने रुड़की शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई मेडिकल स्टोर्स का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें कई मेडिकल स्टोर्स में गड़बड़ियां मिलीं, जिसके चलते रामपुर चुंगी स्थित किंग मेडिकल एजेंसी और इमली रोड पर हिंदुस्तान मेडिकल स्टोर समेत एक अन्य मेडिकल स्टोर पर ताला जड़ दिया गया।
मेडिकल संचालकों में मचा हड़कंप
ड्रग इंस्पेक्टर के औचक निरीक्षण की खबर फैलते ही रुड़की के मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। कई स्टोर संचालक अपने स्टोर का शटर बंद कर मौके से फरार हो गए। इस दौरान, ड्रग इंस्पेक्टर ने गड़बड़ी और अनियमितता करने वाले स्टोर मालिकों को कड़ी फटकार लगाई।
सख्त चेतावनी: फार्मासिस्ट की ड्यूटी अनिवार्य
ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने कहा कि सभी मेडिकल स्टोर मालिकों को अपने स्टोर्स पर फार्मासिस्ट की ड्यूटी सुनिश्चित करनी होगी। यदि किसी ने लापरवाही बरती, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई उन दवा कारोबारियों के खिलाफ है जो नियमों की अनदेखी कर रहे हैं और लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं।



