
नवीन चन्द्र कुरील (चीफ एडीटर, भारत न्यूज लाइव )
नई दिल्ली । केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को आगामी केंद्रीय बजट 2025-26 की तैयारी के लिए निर्यात, व्यापार और उद्योग क्षेत्रों के विशेषज्ञों और हितधारकों के साथ चौथी पूर्व-बजट परामर्श बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक का आयोजन वित्त मंत्रालय द्वारा किया गया था, जिसमें बजट से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि बैठक में केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, वित्त सचिव, आर्थिक मामलों के सचिव, निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (DIPAM) के सचिव और भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार ने भाग लिया।
यह बैठक निर्यात, व्यापार और उद्योग क्षेत्रों की आवश्यकताओं और चुनौतियों को समझने और उन्हें आगामी बजट में शामिल करने के उद्देश्य से आयोजित की गई। वित्त मंत्री ने विभिन्न हितधारकों के विचारों को सुनते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य आर्थिक विकास को प्रोत्साहन देना और भारत की प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा देना है।
इससे पहले भी सरकार ने कृषि, सामाजिक क्षेत्र, बुनियादी ढांचे और वित्तीय क्षेत्रों के हितधारकों के साथ परामर्श बैठकें आयोजित की हैं। इन सभी बैठकों से प्राप्त सुझावों को बजट 2025-26 में शामिल किया जाएगा ।


