10 महीने तक फ्रिज में रखा प्रेमिका का शव: देवास मर्डर केस ने देश को झकझोरा

भारत न्यूज़ लाइव
मध्य प्रदेश के देवास जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 41 वर्षीय संजय पाटीदार ने मार्च 2024 में अपनी लिव-इन पार्टनर प्रतिभा पाटीदार की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को छिपाने के लिए फ्रिज में रख दिया, जो 10 महीने बाद जनवरी 2025 में बरामद हुआ।
किराएदारों की शिकायत से खुला राज
शुक्रवार को देवास पुलिस को एक मकान से बदबू आने की शिकायत मिली। किराएदार बलवीर राजपूत ने जब बंद कमरे को खोला तो फ्रिज में महिला का शव मिला। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संजय पाटीदार को उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया।
पांच साल का लिव-इन रिलेशनशिप
स्थानीय लोगों और पुलिस की जांच में सामने आया कि प्रतिभा और संजय पांच साल से लिव-इन रिलेशनशिप में थे। 2024 की शुरुआत में प्रतिभा ने संजय पर शादी का दबाव बनाया, लेकिन संजय ने इनकार कर दिया। इस कारण दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।
मौत का षड्यंत्र
मार्च 2024 में संजय ने अपने दोस्त विनोद दवे की मदद से प्रतिभा की गला दबाकर हत्या कर दी। शव को फ्रिज में रखकर संजय जून 2024 में घर छोड़कर चला गया।
बीएनएस धारा 103 के तहत सजा संभव
इस मामले में आरोपी संजय पर बीएनएस की धारा 103 के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया है। इस धारा के तहत दोषी को मृत्यु दंड या आजीवन कारावास दिया जा सकता है।
श्रद्धा वालकर हत्याकांड से तुलना
इस घटना की तुलना 2022 के श्रद्धा वालकर हत्याकांड से की जा रही है, जिसमें आफताब पूनावाला ने अपनी प्रेमिका श्रद्धा की हत्या कर शव को कई टुकड़ों में फेंक दिया था।
देवास का यह केस एक बार फिर लिव-इन रिलेशनशिप में बढ़ते अपराधों और जघन्य हत्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करता है।


