
भारत न्यूज़ लाइव
अमेरिका में उठाया डिपोर्टेशन फ्लाइट पर दुर्व्यवहार का मुद्दा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी से अमेरिका की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। भारत ने इस यात्रा में डिपोर्टेशन फ्लाइट्स पर भारतीय नागरिकों के साथ हुए दुर्व्यवहार का मुद्दा भी गंभीरता से उठाया है। विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी अधिकारियों से अपील की है कि निर्वासित भारतीयों के साथ मानवीय व्यवहार किया जाए।
भारत-अमेरिका संबंध होंगे और मजबूत
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, “यह यात्रा भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगी। पीएम मोदी ट्रंप के निमंत्रण पर उनके दूसरे कार्यकाल में अमेरिका का दौरा करने वाले पहले विश्व नेताओं में से एक होंगे। यह भारत-अमेरिका साझेदारी के महत्व को दर्शाता है।”
अवैध भारतीय अप्रवासी और उनकी समस्याएं
अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 4200 भारतीयों को निर्वासित किए जाने की खबरों पर भी चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार को लेकर भारत गंभीर है। भारत ने अमेरिकी अधिकारियों पर यह सुनिश्चित करने के लिए जोर दिया है कि निर्वासितों के साथ मानवीय व्यवहार किया जाए।
फ्रांस में भी होगा पीएम मोदी का दौरा
अमेरिका से पहले पीएम मोदी 10-12 फरवरी तक फ्रांस की यात्रा करेंगे। वहां वह राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ ‘एआई एक्शन समिट’ की सह-अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा, पीएम मोदी काडारचे में इंटरनेशनल थर्मोन्यूक्लियर प्रायोगिक रिएक्टर का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री और फ्रांस के राष्ट्रपति भारत-फ्रांस सीईओ फोरम को संबोधित करेंगे।
शहीदों को देंगे श्रद्धांजलि
फ्रांस में, पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों प्रथम विश्व युद्ध में भारतीय सैनिकों द्वारा किए गए बलिदान को श्रद्धांजलि देंगे। इसके साथ ही मार्सिले में भारत के नए कौंसुलेट जनरल का उद्घाटन किया जाएगा।


