श्रमिक सुविधा केंद्र का हाल जानने अचानक पहुंचे निर्माण मजदूर यूनियन के पदाधिकारी , सुनी श्रमिकों की समस्याएं

खटीमा ( ऊधम सिंह नगर ), भारत न्यूज़ लाइव
भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण संघ उत्तराखंड के जिला इकाई उधम सिंह नगर के जिलाध्यक्ष श्री देवेंद्र सिंह और जिला महामंत्री श्री सतीश सिंह राणा (USN) ने सोमवार को श्रमिक सुविधा केंद्र (WFC सेंटर) खटीमा का औचक सर्वेक्षण किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने श्रमिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को विस्तार से जाना और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
सर्वेक्षण के दौरान श्रमिकों ने बताया कि केंद्र में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। श्रमिकों ने बताया कि केंद्र में बैठने की व्यवस्था नहीं है, शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है और पीने योग्य पानी की व्यवस्था भी नहीं की गई है।
सबसे बड़ी समस्या यह पाई गई कि कार्यालय दूसरी मंजिल पर स्थित है, जहां लोहे कि खड़ी सीढ़ियों के माध्यम से ही पहुंचा जा सकता है। श्रमिकों ने बताया कि इससे गिरने का खतरा बना रहता है। कुछ श्रमिकों ने तो इस कार्यालय को मज़ाक में “काल स्वरूप कार्यालय” तक कह डाला।

इसके अलावा, केंद्र में मात्र दो कर्मचारी कार्यरत हैं जो ऑनलाइन कार्यों को संभालते हैं, जबकि जिले में पंजीकृत श्रमिकों की संख्या हजारों में है। पंजीकरण के दौरान सर्वर डाउन जैसी तकनीकी दिक्कतें भी लगातार बनी रहती हैं।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष श्री देवेंद्र सिंह ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं को लेकर संघ गंभीर है और संबंधित विभागों से इस पर तत्काल कार्यवाही की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि “हमारा प्रयास रहेगा कि श्रमिकों को सभी बुनियादी सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध करायी जाएं।”

वहीं, जिला महामंत्री श्री सतीश सिंह राणा (USN) ने कहा कि “श्रमिक सुविधा केंद्र का उद्देश्य श्रमिकों को सहूलियत देना है, लेकिन जब बुनियादी सुविधाएं ही नहीं हैं, तो यह केंद्र श्रमिकों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। संघ जल्द ही प्रशासन को ज्ञापन सौंपेगा।”
पदाधिकारियों ने श्रमिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा ताकि उन्हें बेहतर सुविधा मिल सके।
Read Also : http://विश्वकर्मा दिवस पर भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण संघ की बैठक, बिण ब्लॉक अध्यक्ष घोषित


