
भारत न्यूज़ लाइव
भगवानपुर। आज दिनांक 10 मार्च 2026 को बाल विकास अधिकारी भगवानपुर के आदेशानुसार ग्राम बंदर जूड़ एवं मुजाहिदपुर सती वाला आंगनबाड़ी केन्द्रों में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के संबंध में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा इसके कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी भगवानपुर, नवीन जन कल्याण संस्थान के सचिव नवीन चंद्र कुरील तथा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि फरीद जी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। वक्ताओं ने बताया कि बाल विवाह समाज के लिए एक गंभीर सामाजिक समस्या है और इसे रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर नवीन चंद्र कुरील ने कहा कि बाल विवाह करना और करवाना दोनों ही कानूनन दण्डनीय अपराध हैं। उन्होंने बताया कि विवाह के लिए लड़की की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा लड़के की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है। यदि इससे कम आयु में विवाह कराया जाता है तो विवाह के आयोजक, अभिभावक तथा विवाह संपन्न कराने वाले व्यक्ति को दो वर्ष तक का कारावास, एक लाख रुपये तक का जुर्माना अथवा दोनों दंड दिए जाने का प्रावधान है।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी / बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी भगवानपुर ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में बाल विवाह को अनुमति नहीं दी जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते इसे रोका जा सके।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि फरीद जी ने भी अपने संबोधन में कहा कि समाज में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में बाल विवाह करने वालों को क्षमा नहीं किया जा सकता।

कार्यक्रम के अंत में नवीन जन कल्याण संस्थान के सचिव नवीन चंद्र कुरील द्वारा उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने के लिए शपथ दिलाई गई और सभी से यह संकल्प लेने का आह्वान किया गया कि वे अपने क्षेत्र में बाल विवाह नहीं होने देंगे।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री रेखा, सीमा सहित अन्य आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं, किशोरियां तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति मंशूर अली, अरविंद कुमार और इशरत सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को उत्तराखण्ड सरकार के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रकाशित पुस्तक “जन सेवा संकल्प हमारा” तथा कैलेंडर भी वितरित किए गए।

Read Also : http://हरिद्वार में अमित शाह की जनसभा, धामी सरकार के चार साल पूरे होने पर विकास कार्यों का किया उल्लेख l



