
भारत न्यूज़ लाइव
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस की कोई किल्लत नहीं है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर एलपीजी आपूर्ति को लेकर फैल रही भ्रामक सूचनाओं के मद्देनज़र सभी गैस एजेंसियों से जनपद में उपलब्ध गैस स्टॉक, वितरण व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को हो रही आपूर्ति की विस्तृत जानकारी ली गई है। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि जनपद में घरेलू गैस का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य व सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की डिलीवरी 25 दिन पूरे होने के बाद ही नियमानुसार दी जाएगी।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए निम्न हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं:
हेल्पलाइन नंबर
- 1800-2333-555 (टोल फ्री)
- 7718955555 (एलपीजी बुकिंग और शिकायत)
शिकायत अधिकारी के नंबर
- आईओसी – 9557947140
- एचपीसीएल – 8655436284
- बीपीसीएल – 8894334950
जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे पैनिक बुकिंग से बचें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस रिफिल बुक करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल जिला सूचना कार्यालय के आधिकारिक बुलेटिन या संबंधित गैस कंपनियों के अधिकृत पोर्टल पर ही भरोसा करें।
साथ ही बताया कि आपूर्ति विभाग हरिद्वार द्वारा गैस एजेंसियों के साथ समन्वय बनाते हुए एलपीजी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर गैस मिल सके।
Read Also : http://बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 पर कार्यशाला आयोजित, लोगों को दिलाई गई शपथ l



