देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कराया गया l

भारत न्यूज़ लाइव
देहरादून। बुधवार को दून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। जिला जज कार्यालय को धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया।
एसएसपी सिटी प्रमेन्द्र डोबाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर सभी जजों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया तथा पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराकर चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई। बम निरोधक दस्ते और खुफिया एजेंसियों ने सघन तलाशी अभियान चलाया।
प्रारंभिक जांच में जिस ईमेल से धमकी मिली है, उसके पीछे पाकिस्तानी संगठन की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि जिला जज कार्यालय को धमकी भरा मेल मिला है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुटी हुई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल सहित प्रदेश के कई जिलों में न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। हालांकि सभी मामलों में जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। पुलिस और खुफिया एजेंसियां इन घटनाओं को असामाजिक तत्वों की शरारत के रूप में भी देख रही हैं।
फिलहाल पुलिस ने एहतियातन सभी मामलों की गहन जांच शुरू कर दी है। सोमवार को उत्तरकाशी और नैनीताल न्यायालय को धमकी मिली थी, जबकि आज दून न्यायालय को निशाना बनाया गया।

