
भारत न्यूज़ लाइव
खटीमा/उधम सिंह नगर। ट्रेड यूनियन को-ऑर्डिनेशन सेंटर (TUCC) के राष्ट्रीय आह्वान पर 18 मार्च 2026 को तहसील परिसर खटीमा में एक दिवसीय धरना एवं प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश उपाध्यक्ष अर्जुन धोनी द्वारा किया गया।
धरने के दौरान अर्जुन धोनी ने कहा कि देश और प्रदेश के श्रमिकों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार और संबंधित विभाग उनकी अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए श्रमिकों ने अपनी प्रमुख मांगें रखीं। इनमें ESIC और EPFO के कवरेज की वेतन सीमा क्रमशः ₹35,000 और ₹30,000 करने, आशा, आंगनवाड़ी और मिड-डे मील वर्कर्स का मानदेय राज्य के न्यूनतम वेतन के बराबर करने तथा उन्हें ESIC-EPFO की सुविधाएं देने की मांग शामिल है।

इसके अलावा निर्माण श्रमिकों को ESIC-EPFO के दायरे में लाने, गिग एवं प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा देने, मनरेगा श्रमिकों को श्रम कानूनों के तहत लाकर न्यूनतम वेतन घोषित करने की मांग उठाई गई।
श्रमिकों ने वर्ष 2018 से 2026 तक लंबित DBT (शिक्षा, प्रसूति, विवाह और मृत्यु सहायता) को जल्द जारी करने, श्रम कार्ड से संबंधित समस्याओं का समाधान करने और DBT अधिकृत कर्मचारियों व WFC कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की भी मांग की।
ज्ञापन में खटीमा में श्रमिक सुविधा केंद्रों पर सीमित आवेदन लेने की व्यवस्था समाप्त करने, निरस्त फाइलों की पुनः जांच कर आधार के आधार पर नामांकन करने तथा मृतक और प्रवासी श्रमिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल रही।
साथ ही मृत्युपरांत सहायता में फर्जीवाड़े पर रोक लगाने, दोषियों पर FIR दर्ज करने तथा उधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून में पिछले दो वर्षों में दी गई सहायता की जांच कराने की मांग की गई।
श्रमिकों ने यह भी मांग रखी कि सभी कंपनियों और कारखानों में न्यूनतम वेतन लागू किया जाए, 7–8 घंटे से अधिक कार्य पर ओवरटाइम दिया जाए तथा दुर्घटना में Wage Loss का भुगतान समय पर किया जाए। श्रमिकों के कौशल प्रशिक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण (फुल बॉडी चेकअप) की रिपोर्ट उपलब्ध कराने और श्रमिक सुविधा केंद्रों पर मिलने वाली किट की सूची सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई गई।
इस दौरान यूनियन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता—सतीश सिंह राणा, लखमीर सिंह, प्रकाश चन्द्र भट्ट, गौरी शंकर दिवाकर, देवेंद्र सिंह राणा, अवतार सिंह,अंकित सिंह राणा, गीता सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।
Read Also : http://भगवानपुर में TUCC के बैनर तले मजदूरों का धरना-प्रदर्शन, 25 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा l



