
एडिटर , भारत न्यूज लाइव
रुड़की । रुड़की पिरान कलियर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए गंगनहर के तेज बहाव में खतरनाक रील्स बनाकर वायरल करने वाले युवकों की पहचान कर ली है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों युवकों को भविष्य में ऐसी गलती न करने की हिदायत भी दी गई है।
पुलिस ने बताया कि हरिद्वार जिले में सक्रिय सोशल मीडिया अकाउंट की निगरानी के दौरान एक इंस्टाग्राम अकाउंट चिन्हित किया गया, जिसमें दो युवक गंगनहर में अपनी जान जोखिम में डालकर रील्स बनाते हुए नजर आए। इन वायरल वीडियो को देखकर युवा वर्ग भी इन्हें कॉपी करने का प्रयास कर रहा था, जिससे उनके जीवन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था।
इस खतरे को भांपते हुए पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार किया और माफी मंगवाई। जानकारी के अनुसार, ये युवक धनौरी क्षेत्र के निवासी हैं और उनकी शिक्षा पांचवीं और आठवीं कक्षा तक की है। धनौरी चौकी के प्रभारी हेमदत्त भारद्वाज और उनकी टीम ने मामले को गंभीरता से लिया और साहिल तथा साहिब को चौकी बुलाकर उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की। साथ ही, पुलिस ने उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिलीट करवा दिया।
गिरफ्तारी के बाद, युवकों ने अपने कार्य के लिए माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलतियों से बचने का आश्वासन दिया। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की वीडियो अपलोड करने से छोटे बच्चों के दिमाग पर बुरा असर पड़ता है, इसलिए उन्होंने सभी से अपील की है कि इस प्रकार के वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड न करें। पुलिस की इस कार्रवाई से उम्मीद है कि अन्य युवाओं में भी जागरूकता बढ़ेगी और वे सुरक्षित तरीके से सोशल मीडिया का उपयोग करेंगे।



