अनंतनाग मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर, श्रीनगर के खनयार में मुठभेड़ जारी

भारत न्यूज़ लाइव
जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के हल्कन गली इलाके में शनिवार (2 नवंबर, 2024) को सुरक्षा बलों ने एक संयुक्त अभियान शुरू किया, जिसमें दो आतंकवादियों को मार गिराया गया। सेना के अनुसार, हल्कन गली क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि देखे जाने पर सतर्क जवानों ने छुपे हुए आतंकियों को ललकारा। आतंकियों ने अचानक सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध गोलाबारी शुरू कर दी, जिसका सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। इस संघर्ष में एक विदेशी और एक स्थानीय आतंकवादी मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि मारे गए आतंकवादियों के समूह से संबंधित जानकारी अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
वहीं, श्रीनगर के खनयार इलाके में भी एक अन्य मुठभेड़ जारी है, जिसमें सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर रखी है। अब तक इस मुठभेड़ में किसी भी पक्ष से हताहत होने की खबर नहीं है। इस बीच, कश्मीर के अन्य हिस्सों में भी हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें दो बाहरी लोग घायल हुए हैं। सेना का कहना है कि ऑपरेशन अभी जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।


