तिरुमला में केवल हिंदू कर्मचारी रखने की बात पर ओवैसी ने केंद्र पर साधा निशाना, Waqf बोर्ड में गैर-मुस्लिमों की नियुक्ति पर उठाए सवाल

भारत न्यूज़ लाइव
आंध्र प्रदेश: तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के हाल ही में नियुक्त चेयरमैन बी आर नायडू ने घोषणा की है कि तिरुमला में केवल हिंदू कर्मचारी ही काम करें। नायडू ने 31 अक्टूबर को कहा कि भगवान वेंकटेश्वर के पवित्र स्थान तिरुमला में केवल हिंदू ही काम करें, और इस बारे में वह आंध्र प्रदेश सरकार से चर्चा करेंगे कि अन्य धर्मों के कर्मचारियों को किस प्रकार से अलग किया जाए, उन्हें अन्य विभागों में स्थानांतरित किया जाए या स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) का विकल्प दिया जाए।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इस फैसले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने शुक्रवार रात को एक पोस्ट में कहा कि तिरुमला में हिंदू-ही-हिंदू नीति लागू करने की बात की जा रही है, जबकि केंद्र सरकार Waqf बोर्ड और वक्फ परिषद में गैर-मुस्लिमों की नियुक्ति को अनिवार्य करना चाहती है। ओवैसी ने सवाल उठाया कि यदि हिंदू धर्मस्थलों पर केवल हिंदू नियुक्ति जरूरी है, तो Waqf बोर्ड में भी उसी तर्ज पर केवल मुस्लिम सदस्यों की नियुक्ति की जानी चाहिए।


