जम्मू कश्मीरदेश

राजोरी जिले में शादी के बचा हुआ खाना खाने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, 3 बच्चे शामिल

जम्मू l राजोरी जिले के कोटरंका सब डिवीजन के बड्डाल गांव में एक दुखद घटना में शादी के बाद घर लाए गए खाने के कारण एक ही परिवार के तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। परिवार के बचे हुए सदस्य, जिसमें एक बच्चा और उसकी मां शामिल हैं, अस्पताल में भर्ती हैं। इस घटना में पहले से बीमार मां का इलाज जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पिता की राजोरी जिला अस्पताल में मौत हुई, जबकि दो बच्चियों की जम्मू रेफर के दौरान रास्ते में और एक बेटे की जच्चा बच्चा अस्पताल जम्मू में मृत्यु हो गई।

मां के अनुसार, सोमवार को रिश्तेदारी में बेटी की शादी हुई थी, जिसमें बचा हुआ खाना घर लाया गया था। शुक्रवार को दही-चावल खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य बीमार हो गए। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और जांच के लिए खाने के सैंपल भी भेजे गए हैं। जीएमसी जम्मू में तीन बच्चों का पोस्टमार्टम किया गया और शव रिश्तेदारों को सौंप दिए गए हैं।

जीएमसी राजोरी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शमीम अहमद के अनुसार, शनिवार रात 9 बजे पांच लोगों को जीएमसी राजोरी में लाया गया, जिनमें चार बच्चे शामिल थे। सभी की हालत गंभीर थी और रास्ते में उल्टियां करने से उनके शरीर में पानी की कमी हो गई थी। फजल हुसैन (40) की हालत नाजुक थी और जम्मू रेफर करने से पहले ही उसकी मौत हो गई। फरमाना (7) और राबिया कौसर (14) ने जम्मू रेफर के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। रुक्सान अहमद (10) ने इलाज के दौरान जम्मू के एसएमजीएस अस्पताल में दम तोड़ दिया।

इस घटना में जम्मू रेफर किए गए बच्चों के साथ उनकी मां शमीम (26) भी गंभीर रूप से बीमार हो गई, जिसका इलाज जीएमसी राजोरी में चल रहा है। इसके अलावा, जच्चा बच्चा अस्पताल में एक अन्य बच्चा रफ्तार अहमद (4) की हालत स्थिर है और उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

जिला उपायुक्त राजोरी, अभिषेक शर्मा ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम बड्डाल गांव भेजी गई थी, जहां पुराने खाने के सैंपल लिए गए हैं। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। जीएमसी राजोरी के प्रिंसिपल डॉ. एएस भाटिया ने बताया कि फजल हुसैन का विसरा फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *