देश

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर भगवानपुर में निकली भव्य कलश बंधन महारैली, मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ ।

नवीन चन्द्र कुरील ( चीफ एडिटर , भारत न्यूज़ लाइव )

हरिद्वार । संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में हरिद्वार जनपद के चुड़ियाला, भगवानपुर में आयोजित भव्य कलश बंधन महारैली में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता करते हुए संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की तथा कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री स्वयं श्रद्धा और सम्मान के साथ कलश को अपने सिर पर धारण कर यात्रा में शामिल हुए और कार्यक्रम स्थल सीएमडी इंटर कॉलेज तक पहुंचे। मुख्यमंत्री की इस सहभागिता से कार्यक्रम में उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश मंगल, शुभारंभ, आस्था और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि यह कलश बंधन अभियान केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संत गुरु रविदास जी द्वारा दिए गए समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक महाअभियान है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने उस समय समाज को नई दिशा दी, जब सामाजिक भेदभाव और विषमताएं चरम पर थीं। उन्होंने अपने जीवन और विचारों से यह संदेश दिया कि व्यक्ति की महानता उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके श्रेष्ठ कर्मों, सेवा भाव और मानवता के प्रति समर्पण से निर्धारित होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक समाज से ऊंच-नीच, जातिगत भेदभाव और असमानता पूरी तरह समाप्त नहीं होगी, तब तक एक सशक्त, समरस और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव नहीं है।

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर भगवानपुर में निकली भव्य कलश बंधन महारैली

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र तथा राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब, दलित, वंचित और जरूरतमंद परिवारों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है, जिससे सभी वर्गों का समग्र उत्थान सुनिश्चित हो सके।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने भगवानपुर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय का निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना तथा लगभग आठ करोड़ रुपये की लागत से नवीन तहसील भवन का निर्माण कराया गया है। साथ ही क्षेत्र में सड़कों का निर्माण, संपर्क मार्गों का सुदृढ़ीकरण, सीसी रोड और हाईमास्ट लाइट जैसी अनेक विकास परियोजनाएं भी सफलतापूर्वक पूर्ण की गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर भगवानपुर में निकली भव्य कलश बंधन महारैली

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संत गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। वहीं स्वामी निर्मलदास जी ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रदेश के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कलश बंधन यात्रा को प्रदेश के सभी जिलों में संचालित किए जाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों को कलश भेंट कर अभियान की औपचारिक शुरुआत भी की।

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर भगवानपुर में निकली भव्य कलश बंधन महारैली

इस अवसर पर साध्वी संतोष रानी जी, संत सतपाल दास जी, संत 108 रोशनी दास जी, महंत बंटी दास जी, संत पिरुमल दास जी, कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिद्वार आशुतोष शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रुड़की डॉ. मधु सिंह, राज्य मंत्री श्री देशराज कर्णवाल, श्री अजीत चौधरी, श्री आदेश सैनी, श्री श्यामवीर सैनी, जिला प्रभारी श्री आदित्य चौहान, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष श्री बलबीर धुनियाल, पूर्व विधायक श्रीमती मीना गंगोला, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष (अनुसूचित जाति मोर्चा) मास्टर सत्यपाल, श्री सागर गोयल, जिलाध्यक्ष एससी मोर्चा श्री नीटू सिंह, श्री रवींद्र कटियार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल श्री राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसपी देहात श्री शेखर सुयाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की श्री दीपक रामचंद्र सेठ, उप जिलाधिकारी श्री देवेंद्र सिंह नेगी सहित प्रदेश के सभी जिलों के भाजपा जिलाध्यक्ष, विभिन्न क्षेत्रों से आए मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और जनसहभागिता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Read Also : आल सेंट कॉन्वेंट स्कूल, नई टिहरी में श्रद्धापूर्वक मनाई गई अमर शहीद श्री देव सुमन की 82वीं जयंती

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *