भारत-पाक तनाव के बीच साइबर अलर्ट: अनजान लिंक पर क्लिक से बचें, डाटा चोरी का खतरा

भारत न्यूज़ लाइव
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साइबर अपराधी अनजान लिंक, फोटो या वीडियो के माध्यम से आपके मोबाइल और लैपटॉप का डाटा चुरा सकते हैं, जो पाकिस्तान स्थित साइबर अपराधियों के हाथ लग सकता है।
साइबर थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक 41 साइबर अपराध के मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, जबकि 500 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन्हें संबंधित थानों को भेजा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि युद्ध से संबंधित किसी भी लिंक पर क्लिक न करें, क्योंकि इससे आपका बैंक खाता भी खाली हो सकता है।
ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी
साइबर अपराधी ऑनलाइन ट्रेडिंग, शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड, क्रिप्टो करेंसी, सोना और रियल एस्टेट में कम समय में बड़े मुनाफे का झांसा देकर लोगों को फंसाते हैं। इसके लिए व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का उपयोग किया जा रहा है। फर्जी वेबसाइट्स बनाकर शुरुआत में छोटी रकम पर मुनाफा दिखाया जाता है, जिससे लोग लालच में आकर बड़ी रकम गंवा बैठते हैं।
सावधानी और जागरूकता है जरूरी
साइबर ठगी से बचने के लिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी संदिग्ध निवेश योजना से दूर रहें। ठगी होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और संभवतः आपकी राशि वापस मिल सके।


