भारत न्यूज़ लाइव
छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में रविवार सुबह नक्सलियों ने दो पुलिसकर्मियों पर हमला कर उनके हथियार छीन लिए। एक अधिकारी ने बताया कि नक्सली सादे कपड़ों में थे और उन्होंने साप्ताहिक बाजार में तैनात पुलिसकर्मियों पर धारदार हथियारों से हमला किया। घटना के बाद नक्सली दोनों पुलिसकर्मियों की सर्विस राइफलें भी लूटकर फरार हो गए। यह घटना जगारगुंडा गांव के बाजार में हुई, जहां पुलिसकर्मी सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, नक्सलियों की एक छोटी ‘एक्शन टीम’ (आमतौर पर चार-पांच सदस्यों वाली) ने अचानक पुलिसकर्मियों कार्तम देवा और सोढ़ी कन्ना पर धारदार हथियारों से हमला किया और उनकी इंसास राइफलें लूटकर भाग निकली।
मौके पर तैनात अन्य सुरक्षा बलों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
दोनों घायल पुलिसकर्मियों को प्रारंभिक रूप से स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उन्हें रायपुर एयरलिफ्ट कर राज्य की राजधानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



