
नवीन चन्द्र कुरील ( चीफ एडीटर, भारत न्यूज लाइव)
उत्तरकाशी / हर्षिल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को उत्तरकाशी जिले का दौरा किया। वह पहले देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से हेलिकॉप्टर द्वारा उत्तरकाशी के हर्षिल पहुंचे। हर्षिल में उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं पर चर्चा की।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी गंगोत्री धाम के शीतकालीन गद्दी स्थल मुखवा पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। उसके बाद हर्षिल में ट्रैक बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई l
मुखवा गांव में गंगोत्री देवी की शीतकालीन गद्दी विराजमान रहती है, और यह स्थान धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करने से पहले माणा गावं के निकट हिमस्खलन कस दौरान हुई श्रमिकों की मृत्यु पर दुःख प्रकट किया l उन्होंने जन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक और प्राकृतिक सुंदरता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य में पर्यटन को मजबूत करने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और सुविधाओं में सुधार की बात कही।
इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को आध्यात्मिक पर्यटन, रोमांचक खेल और इको-टूरिज्म का केंद्र बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास और स्थानीय लोगों को रोजगार देने के लिए नई योजनाएं शुरू कर रही है।
प्रधानमंत्री ने राज्य में होमस्टे, लोकल प्रोडक्ट्स, और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे उत्तराखंड को पर्यटन हब बनाने में सहयोग करें।
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने जवानों से भी मुलाकात की और सीमा पर तैनात सैनिकों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों की बदौलत ही देश सुरक्षित है।
इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह , केन्द्रीय मंत्री अजय टम्टा , राज्य के मंत्री सतपाल महाराज ,भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट , माला राज्य लक्ष्मी , विधायक सुरेश चौहान और अन्य वरिष्ठ अधिकारी के साथ हजारों की संख्या में लोग भी मौजूद रहे ।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा उत्तराखंड में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके बाद वह हेलिकॉप्टर से वापस देहरादून पहुंचे और दिल्ली के लिए रवाना हो गए।


