अलीगढ़-पलवल हाईवे के चौड़ीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू, 31 गांवों की जमीन का होगा अधिग्रहण

भारत न्यूज लाइव
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से हरियाणा के पलवल तक का सफर जल्द ही सुविधाजनक होने जा रहा है। अलीगढ़-पलवल हाईवे के चौड़ीकरण और नवीनीकरण के लिए प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
इस परियोजना के तहत अलीगढ़ जिले के 31 गांवों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी। अब तक 21 गांवों को चिह्नित किया गया है, जिनमें से 17 गांवों का मुआवजा अवार्ड घोषित किया जा चुका है।
शेष 4 गांवों का अवार्ड भी तैयार हो गया है। इन 21 गांवों में 160 हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण के लिए किसानों को 600 करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा दिया जाएगा। प्रशासन ने चिह्नित गांवों में शिविर लगाकर मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही शेष 10 गांवों का अवार्ड भी घोषित किया जाएगा।
छह साल पहले लोक निर्माण विभाग (PWD) ने 85 किलोमीटर लंबे अलीगढ़-पलवल मार्ग को फोरलेन बनाया था, जिस पर 552 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। इसके बाद इस मार्ग को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को हस्तांतरित कर दिया गया।
हालांकि, खैर-जट्टारी बाइपास का निर्माण नहीं हो सका, जिससे इन कस्बों में जाम की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोग लंबे समय से बाइपास की मांग कर रहे थे, जिसे अब इस परियोजना के तहत पूरा किया जाएगा।



