
एडिटर , भारत न्यूज लाइव
हरिद्वार । श्यामपुर थाना क्षेत्र में नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग के पास कांगड़ी स्थित शराब के ठेके के पास अधजले शव के मिलने के मामले में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का गहराई से विश्लेषण कर रही है। एसओ नितेश शर्मा और उनकी टीम ने शव को कब्जे में लेकर संबंधित व्यक्ति की पहचान और मौत के कारणों की तलाश शुरू कर दी है।
फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों की बारीकी से जांच कर रहे हैं ताकि किसी भी तरह की अनदेखी न हो।हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि जांच कई एंगल से की जा रही है, जिसमें हत्या, दुर्घटना, और अन्य संभावनाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और पुलिस टीमें आसपास के क्षेत्रों में संभावित गवाहों से पूछताछ कर रही हैं। इसके अलावा, पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे घटनास्थल के आस-पास की गतिविधियों की जानकारी मिल सके।
एसएसपी ने जनता से अपील की है कि अगर किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वह पुलिस के साथ साझा करें।


