
एडिटर , भारत न्यूज लाइव
हरिद्वार । श्यामपुर थाना क्षेत्र में स्मैक तस्करी के मामले में फरार चल रहे 10,000 के इनामी आरोपी को पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दुबई भागने की फिराक में था और पिछले चार साल से पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था।
आरोपी का कोई स्थायी पता नहीं होने के कारण उसे पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। नशे की कमाई से आरोपी कई देशों की यात्रा कर चुका है। गिरफ्तार करने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी में हरिद्वार पुलिस के अलावा एलआईयू-सीआईयू की टीम का भी योगदान रहा। एसएसपी ने पुलिस टीम की सराहना की है। पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2020 को श्यामपुर क्षेत्र में एसटीएफ ने हितेश कुमार को 41 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था।
जांच के दौरान विनय थापा का नाम सामने आया, लेकिन वह लगातार फरार रहा। 15 दिसंबर 2022 को पुलिस ने आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया, और बाद में एसएसपी ने इनाम राशि बढ़ाकर 10,000 कर दी।
जांच में पता चला कि आरोपी ने अपने आईडी के तौर पर आधार कार्ड और पासपोर्ट का उपयोग किया था और उसने दुबई, थाईलैंड, मलेशिया जैसे देशों की यात्रा की थी।
29 अक्तूबर को आरोपी पर लुक आउट नोटिस जारी किया गया और उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर नजर रखी गई। एक नवंबर को आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट पर दुबई जाते समय पकड़ा गया। गिरफ्तारी में एलआईयू और श्यामपुर पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


