उत्तराखंडरुड़कीहरिद्वार

हेरोइन तस्करी में रुड़की के दो भाइयों की गिरफ्तारी, करोड़ों की संपत्ति की जांच शुरू

भारत न्यूज़ लाइव

रुड़की : हरिद्वार जिले के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पाड़ली गुर्जर गांव निवासी दो भाइयों को मुंबई पुलिस ने हेरोइन तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया है। अब रुड़की पुलिस इन दोनों भाइयों और उनके परिजनों की संपत्ति की जांच करेगी। एसएसपी हरिद्वार ने पुलिस को उनके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों की भी पहचान करने के निर्देश दिए हैं।

सैलून चलाने वाले इन दोनों भाइयों का नशे की तस्करी में संलिप्त होना चौंकाने वाला है। मुंबई के बीरोवली थाना पुलिस ने पहले ही राजा वाजिद को बड़ी मात्रा में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में राजा ने बताया कि इस तस्करी में रुड़की के पाड़ली गुर्जर निवासी दो भाई जहांगीर और फराद भी शामिल थे। ये दोनों भाई मुंबई के नयागांव में सैलून का व्यवसाय करते हैं। पुलिस ने वहां छापा मारा, लेकिन दोनों फरार हो गए थे।

बाद में पुलिस को सूचना मिली कि दोनों भाई अपने गांव लौट आए हैं, क्योंकि उनके एक भाई का 14 नवंबर को निकाह होना था। इसके बाद मुंबई पुलिस की टीम ने गंगनहर कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर गांव में छापा मारकर उन्हें गिरफ्तार किया। सोमवार को कोर्ट से तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिलने पर उन्हें मुंबई ले जाया गया।

जांच में सामने आया कि ये दोनों भाई पहले गाड़ी चलाते थे और उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था, जिसमें एक सदस्य रेलवे स्टेशन के पास फलों की ठेली लगाता था। लेकिन अब इनके पास करोड़ों की संपत्ति है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि हेरोइन तस्करी के जरिए इनकी संपत्ति में यह इजाफा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *