पिता गिड़गिड़ाता रहा और बेटा जुल्म करता रहा, बागेश्वर में पूर्व सैनिक के साथ बर्बरता

एडिटर , भारत न्यूज लाइव
बागेश्वर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे द्वारा अपने बुजुर्ग पिता के साथ की गई बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बुजुर्ग पिता अपने बेटे से पिटाई न करने की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन बेटा अपनी क्रूरता से बाज नहीं आता।
यह हृदय विदारक घटना कांडा तहसील के सातचौंरा गांव की है, जहां आरोपी आनंद बल्लभ पांडेय ने अपने 76 वर्षीय पिता, नंदाबल्लभ पांडेय, के साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और पूर्व सैनिक संगठन ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
पूर्व सैनिक संगठन ने कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) को ज्ञापन सौंपा। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना ने समाज को झकझोर कर रख दिया है और पारिवारिक मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़ित पिता, जो खुद एक पूर्व सैनिक हैं, ने अपने बेटे के इस व्यवहार पर गहरी पीड़ा व्यक्त की है। मामला अब पुलिस जांच के अधीन है, और स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


