
भारत न्यूज़ लाइव
देहरादून l पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत विधानसभा क्षेत्रों थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य के पर्वतीय इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर और बेहतर इलाज उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, इसलिए अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और चिकित्सकीय संसाधनों को मजबूत करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों, विशेष रूप से विधायकों द्वारा उठाई जा रही क्षेत्रीय समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं और समस्याओं का समाधान कम समय में संभव है, उनमें किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
सीएम ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक विलंब करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे। इसके साथ ही उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे जन समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और राज्य के समग्र विकास को गति मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करना है, ताकि आम नागरिकों को वास्तविक लाभ मिल सके।
Read Also : http://यूपी बोर्ड रिजल्ट से पहले साइबर ठग सक्रिय: नंबर बढ़वाने के नाम पर ठगी, छात्रों-अभिभावकों को चेतावनी l



