गौ-लोक धाम में गौ-महिमा एवं सनातन संस्कृति पर हुआ प्रेरणादायी प्रवचन।

विक्रम सिंह कठैत ( एडिटर) ,भारत न्यूज़ लाइव
नई टिहरी। आज दिनांक 02 जुलाई2026 को आयोजित सात दिवसीय श्री धेनु मानस गौ-कथा के पाँचवें दिवस पर परम पूज्य गौ-सेवक श्री गोपाल मणि जी महाराज ने गौ-महिमा, सनातन संस्कृति एवं भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा और संस्कारों का संदेश दिया। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने भक्ति भाव से कथा का श्रवण कर गौ-सेवा एवं गौ-संरक्षण का संकल्प लिया।
अपने प्रवचन में महाराज श्री ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की आधारशिला हैं। शास्त्रों में गौ को समस्त देवी-देवताओं का निवास स्थान बताया गया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं गौ-सेवा एवं गोपालन के माध्यम से समस्त मानव समाज को करुणा, प्रेम, सेवा और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। गौ माता की सेवा से व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।

महाराज श्री ने कामधेनु की महिमा का वर्णन करते हुए बताया कि वेदों और पुराणों में कामधेनु को समस्त मनोकामनाओं को पूर्ण करने वाली दिव्य गौ माना गया है। गौ माता के शरीर में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना गया है, इसलिए गौ-पूजन, गौ-संरक्षण एवं गौ-संवर्धन प्रत्येक सनातनी का कर्तव्य है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौ-सेवा के कार्यों में योगदान देकर भारतीय संस्कृति को मजबूत बनाए।
कथा के समापन पर गौ माता की आरती, भजन-कीर्तन एवं जयघोष के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए आगामी कथा दिवसों में भी अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर गौ-लोक धाम कथा में पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहनसिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रागनी भट्ट,पूर्व पालिकाध्यक्ष सीमा कृपाली ,गौ सांसद अनूसूया नौटियाल,जीत राम भट्ट,विमला खण्डका पूर्व जिला पंचायत सदस्य,अनुसूया नौटियाल, शकुंतला पंवार जिला पंचायत सदस्य, जगदंबा प्रसाद पाण्डेय, पुरुषोत्तम चमोली , सोहन सिंह राणा , पार्वती पोखरियाल, सुरेन्द्र रतूड़ी, उम्मेदसिंह पंवार, मायाराम थपलियाल, प्रकाश डोभाल, बुद्धि राम ,पुष्पा उनियाल, बी.पी.बधानी , पार्वती पोखरियाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे श्री चण्डी प्रसाद भट्ट, श्रीमती मोनिका पाल एवं श्री विक्रम सिंह कठैत सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



