
भारत न्यूज लाइव
मुंबई क्राइम ब्रांच को NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या मामले की जांच के दौरान पहली बार लॉरेंस बिश्नोई के भाई, अनमोल बिश्नोई, का शूटर्स से सीधा संबंध मिला है।
सूत्रों के अनुसार, जिस तरह अनमोल बिश्नोई ने अभिनेता सलमान खान के घर पर फायरिंग करने वाले आरोपियों को प्रेरित किया था, उसी तरह वह बाबा सिद्दीकी के कातिलों को भी स्नैपचैट के जरिए निर्देश दे रहा था। जांच में सामने आया है कि अनमोल बिश्नोई लगातार शूटर्स के संपर्क में था और इंस्ट्रक्शंस देने के बाद संदेशों को तुरंत डिलीट कर दिया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों के स्नैपचैट की बारीकी से जांच करने पर यह स्पष्ट हुआ कि शूटर्स और प्रवीण लोनकर अनमोल के सीधे संपर्क में थे।
हालांकि, अब तक हत्या के पीछे की सटीक वजह का पता नहीं चला है, लेकिन प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि बाबा सिद्दीकी की सलमान खान से करीबी के कारण उनकी हत्या की गई हो सकती है। क्राइम ब्रांच को पूरा विश्वास है कि इस हत्या के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ है।


