
भारत न्यूज़ लाइव
झारखंड: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर आदिवासियों का आरक्षण छीनकर अपने “वोट बैंक” को देने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर ने आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए आरक्षण का प्रावधान सुनिश्चित किया, लेकिन नेहरू जी ने इसका विरोध किया। गांधी परिवार ने भी सत्ता में रहते हुए आरक्षण का विरोध किया। अब एक बार फिर उन्होंने खुलेआम घोषणा कर दी है कि वे आदिवासियों का आरक्षण खत्म कर देंगे और इसे अपने वोट बैंक को सौंप देंगे।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस आदिवासियों, दलितों और पिछड़े वर्गों के आरक्षण को खत्म करने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को अल्पसंख्यक संस्थान घोषित कर रही है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस की इस साजिश से सावधान रहें।”
मोदी ने झारखंड में सत्तारूढ़ झामुमो गठबंधन पर बांग्लादेशी घुसपैठियों को फर्जी दस्तावेज बनाने में सहायता कर आदिवासियों की “पहचान, सम्मान और अस्तित्व” को खतरे में डालने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “घुसपैठिए आपकी बेटियों को छीन रहे हैं, आपकी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं और आपकी रोजी-रोटी को निगल रहे हैं।”
उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि झारखंड में भाजपा सत्ता में आई, तो घुसपैठियों द्वारा कब्जाई गई जमीन को वापस लेने के लिए कड़े कानून बनाए जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने झारखंड में भाजपा उम्मीदवार सीता सोरेन और महाराष्ट्र की एक महिला नेता के अपमान का भी जिक्र किया और कहा, “महिलाओं का अपमान करना उनके (विपक्ष) के स्वभाव में है। मां-बेटियां इस अपमान से आहत हैं, जनता इन्हें सबक सिखाएगी।”
झारखंड विधानसभा के 81 सीटों के लिए मतदान 13 और 20 नवंबर को होगा।


