बारामूला में संदिग्ध ग्रेनेड हमला: पुलिस चौकी के पास धमाके की आवाज, तलाशी अभियान जारी

भारत न्यूज़ लाइव
जम्मू-कश्मीर l बारामूला जिले में बीती रात एक पुलिस चौकी के पास संदिग्ध ग्रेनेड हमले की खबर आई है। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस और सुरक्षा बलों ने तुरंत इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात लगभग सवा 9 बजे बारामूला के ओल्ड टाउन पुलिस पोस्ट के पास हुई। पुलिस पोस्ट के पीछे से धमाके जैसी तेज आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा बलों के साथ मिलकर जांच शुरू की।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को पुलिस चौकी के पीछे चारदीवारी के बाहर एक ग्रेनेड पिन जैसी वस्तु बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में संदेह जताया जा रहा है कि यह एक असफल ग्रेनेड हमला हो सकता है। हालांकि, विस्फोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, जिससे संदेह की स्थिति बनी हुई है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है और पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है, और स्थानीय नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Read Also : कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या: दोस्त सचिन ने की निर्मम हत्या, शव को सूटकेस में भरकर किया ठिकाने

