मुजफ्फरनगर और लखनऊ में दो हादसों में तीन की मौत

एडिटर , भारत न्यूज़ लाइव
बुधवार को यूपी के दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। पहला हादसा मुजफ्फरनगर के बुढाना कस्बे में हुआ, जहां भट्ठे की मिट्टी लेकर जा रहा ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए हिंडन नदी में गिर गया। इस हादसे में ट्रक चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई।
बुधवार सुबह करीब 3 बजे लुधियाना से मुरादाबाद जा रहा ट्रक पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में गिर गया। पुलिस ने मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और ट्रक सवार चार लोगों को बाहर निकाला। इनमें अजय, जावेद, छोटेलाल, और नील घायल थे। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने छोटेलाल और नील को मृत घोषित कर दिया। बाकी दो का इलाज जारी है।
लखनऊ के महिगवां निवासी मंगल (38) अपने साले राजमल के साथ बाइक पर दुबग्गा मंडी जा रहे थे। रास्ते में खजूरी गांव के पास अचानक एक नीलगाय सामने आ गई। टक्कर के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में मंगल को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि राजमल का इलाज चल रहा है। मंगल अपने परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं।



