
एडिटर , भारत न्यूज़ लाइव
चंपावत ( उत्तराखंड ) : पिथौरागढ़ में चल रही सेना भर्ती से लौट रहे मध्य प्रदेश के युवाओं की कार सोमवार शाम को लोहाघाट के शिवालय पुल से अनियंत्रित होकर लोहावती नदी में गिर गई। हादसे में कार चालक समेत नौ युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड, नगर पालिका कर्मचारी और स्थानीय युवाओं ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी घायलों को नदी से बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस से चंपावत जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसा शाम के समय हुआ, जब युवाओं की ईको कार लोहाघाट के शिवालय पुल से लोहावती नदी में गिर गई। घायलों में पिथौरागढ़ का वाहन चालक और मध्य प्रदेश के अन्य आठ युवक शामिल हैं, जो सेना भर्ती में भाग लेकर अपने घर लौट रहे थे। रेस्क्यू ऑपरेशन में तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी और एसएचओ अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने अहम भूमिका निभाई। स्थानीय युवाओं अजय ढेक और नगर पालिका कर्मचारी सुमित गड़कोटी ने भी अपनी जान की परवाह किए बिना घायलों को बाहर निकालने में मदद की, जिसकी सराहना की जा रही है।

रेस्क्यू कार्य में नगर पालिका के ईओ सौरभ नेगी, प्रमोद महर, राजस्व उप निरीक्षक नीरज कुमार, 112 सेवा के कर्मी, एएसआई गोपाल सनवाल, पुलिसकर्मी सुनील कुमार, संजय जोशी और अन्य ने भी सहयोग किया। सभी घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाने में स्थानीय टीम की कड़ी मेहनत से उनकी जान बचाई जा सकी।



