नवीन चन्द्र कुरील (चीफ एडिटर,भारत न्यूज़ लाइव)
हरिद्वार: हरिद्वार पुलिस ने जेल से फरार हुए कैदियों को नकदी और बाइक उपलब्ध कराने वाले दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सुल्तानपुर क्षेत्र से पकड़े गए इन आरोपियों के नाम नितिन कुमार और बॉबी हैं, जिन्होंने फरार कैदियों की सहायता की थी। एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने इस बात की जानकारी दी।
रामलीला के दौरान जेल से भागे थे कैदी
11 अक्टूबर को हरिद्वार जिला कारागार से कुख्यात प्रवीण वाल्मीकी गैंग के सदस्य पंकज और एक अन्य बंदी राजकुमार, रामलीला के दौरान मौका पाकर फरार हो गए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआईटी का गठन किया और कैदियों को पकड़ने के लिए 10 टीमें तैयार की गईं। इस मामले में थाना सिड़कुल में केस दर्ज किया गया था और आईजी गढ़वाल रेंज करन सिंह नगन्याल ने दोनों फरार कैदियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
आरोपियों ने की थी बाइक और नकदी की व्यवस्था
पुलिस जांच के दौरान यह सामने आया कि इस्माइलपुर लक्सर निवासी नितिन और बॉबी ने कैदियों को फरार होने के लिए मोटरसाइकिल और नकदी मुहैया कराई थी। नकदी की व्यवस्था एक टेलीकॉम दुकान के भारत पे नंबर के माध्यम से की गई थी। पुलिस ने इस मामले में मोटरसाइकिल, मोबाइल और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है, साथ ही टेलीकॉम दुकान के मालिक की भी पहचान कर ली गई है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
फरार कैदियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें सक्रिय हैं और पुलिस विभिन्न स्तरों पर साक्ष्य जुटा रही है। जल्द ही फरार कैदियों को पकड़ने के लिए पुलिस और कड़े कदम उठा रही है।


