उत्तराखंडक्राइमदेहरादून

देहरादून के राजपुर निवासी से साइबर ठगी: मुंबई पुलिस अधिकारी बनकर 3 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी

नवीन चन्द्र कुरील (चीफ एडीटर ,भारत न्यूज लाइव )

देहरादून ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ, नवनीत सिंह ने बताया कि देहरादून के राजपुर निवासी एक व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया। पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 मई 2024 को उसे फेडेक्स कोरियर के नाम से एक कॉल आया, जिसमें बताया गया कि उसके नाम से मुंबई एयरपोर्ट पर एक पार्सल पकड़ा गया है जिसमें ड्रग्स, पासपोर्ट आदि आपत्तिजनक सामग्री है।

कॉल करने वाले ने पीड़ित को उसका आधार नंबर और अन्य व्यक्तिगत जानकारी बताकर भरोसा दिलाया। जब पीड़ित ने कहा कि उसने कोई पार्सल नहीं भेजा है, तो कॉल करने वाले ने कहा कि यह मामला उसके खिलाफ बनेगा और उसे मुंबई पुलिस को फॉरवर्ड कर दिया गया।इसके बाद खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताने वाला एक व्यक्ति पीड़ित को मनी लॉन्ड्रिंग और ड्रग्स तस्करी के केस में फंसने का भय दिखाने लगा। उसने पीड़ित को डराते हुए कहा कि उसे मुंबई आना पड़ेगा और जेल भी हो सकती है। इसके बाद उसने भरोसा दिलाया कि वह अपने वरिष्ठ अधिकारियों से बात करके उसे इस मामले से बचा सकता है, लेकिन इसके लिए पीड़ित को जांच के नाम पर अपने बैंक खातों में जमा सारा पैसा बताए गए अकाउंट में ट्रांसफर करना होगा।

इस भय के कारण पीड़ित ने 21 और 22 मई को कुल 3 करोड़ 12 लाख रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है।एसएसपी एसटीएफ द्वारा घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम गठित की गई। जांच में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया, जिससे मुख्य आरोपी की पहचान हुई। साइबर पुलिस टीम ने उसे उत्तर प्रदेश के बहराइच से गिरफ्तार किया।

आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल और सिम कार्ड बरामद हुआ।जांच में पाया गया कि आरोपी के खिलाफ देशभर के विभिन्न राज्यों में 76 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं और उसके बैंक खातों में 6 करोड़ रुपये से अधिक का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। इस घटना से यह साफ है कि साइबर अपराधी लोगों को डिजिटल हाउस अरेस्ट कर व्हाट्सएप कॉल और वीडियो कॉल के माध्यम से उन्हें डराकर उनके खातों से पैसे ट्रांसफर करवाते हैं। ये जालसाज मुंबई क्राइम ब्रांच, सीबीआई ऑफिसर, नारकोटिक्स डिपार्टमेंट, साइबर क्राइम, या ईडी ऑफिसर के नाम से कॉल कर लोगों को मनी लॉन्ड्रिंग और ड्रग्स तस्करी जैसे मामलों में फंसने का डर दिखाकर उनकी गाढ़ी कमाई हड़पते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *