राज्य सरकार ने पर्यावरण मित्रों के लिए जीवन बीमा राशि को बढ़ाकर पांच लाख रुपये किया

एडिटर , भारत न्यूज़ लाइव
उत्तराखंड l राज्य सरकार ने शहरी विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत पर्यावरण मित्रों के लिए जीवन बीमा की राशि को दो लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने की घोषणा की है। यह जानकारी शहरी विकास मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, प्रदेश के शहरी निकायों में लगभग 6500 पर्यावरण मित्र, जिनमें नियमित, संविदा और मोहल्ला स्वच्छता समिति के सदस्य शामिल हैं, कार्यरत हैं। पहले इन पर्यावरण मित्रों को केवल दो लाख रुपये का जीवन बीमा मिलता था, जिसे बढ़ाकर अब पांच लाख रुपये किया गया है।
डा. अग्रवाल ने कहा कि यह जीवन बीमा किसी भी कारण से मृत्यु होने पर लाभ प्रदान करेगा। साथ ही, जीवन बीमा का प्रीमियम पूरी तरह से राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा, जिसकी लागत लगभग 1.6 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष होगी, जो वर्तमान में कार्यरत पर्यावरण मित्रों की संख्या के आधार पर निर्धारित की गई है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि धामी सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि उन्हें अपने कार्यकाल में वास्तविकता में भी लागू करती है। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मियों के मानदेय में भी वृद्धि की थी, जिससे सभी श्रेणियों के सफाई कर्मियों का मानदेय 500 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया था।



