नवीनचन्द्र कुरील ( चीफ एडीटर ,भारत न्यूज लाइव )
देहरादून ।बॉबी पंवार द्वारा सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम व उनके स्टाफ के साथ कार्यालय में अभद्रता का मामला बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर आईएएस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।
आईएएस एसोसिएशन ने सचिवालय में वरिष्ठ सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम के साथ हुए दुर्व्यवहार के मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से शासन में अधिकारियों की सुरक्षा और कार्य प्रणाली को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए भी विशेष ध्यान देने की अपील की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने आश्वासन दिया कि सभी अधिकारी बिना किसी दबाव के स्वतंत्र रूप से काम कर सकेंगे और जनता की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने आईएएस एसोसिएशन की मांगों को गंभीरता से विचारने का वादा किया। इस वार्ता में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पाण्डेय , डा० पंकज कुमार पाण्डेय, आर . मीनाक्षी सुन्दरम ,दिलीप जावलकर, सचिव शैलेश बगौली और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।



