
भारत न्यूज़ लाइव
देहरादून l उत्तराखंड सरकार 24वें राज्य स्थापना दिवस को धूमधाम से मनाने की तैयारियों में जुटी है, और इस मौके पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। 7 नवंबर को प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन आयोजित हुआ, जबकि 8 नवंबर को स्वच्छता अभियान के तहत राजधानी देहरादून के रेस कोर्स में विशेष कार्यक्रम हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही, देहरादून नगर निगम द्वारा शुरू किए गए स्ट्रीट लाइट शिकायत क्यूआर स्कैनर का भी शुभारंभ किया गया।

देहरादून नगर निगम को अक्सर स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायतें मिलती रही हैं, जैसे दिन में लाइट जलना या रात में लाइट का न जलना। इन समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम ने क्यूआर स्कैनर प्रणाली विकसित की है, जिसे स्ट्रीट लाइट पोलों पर लगाया जाएगा। नागरिक अब इस क्यूआर को स्कैन कर अपनी शिकायतें दर्ज कर सकेंगे, जिससे समस्या का शीघ्र समाधान हो सकेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अल्मोड़ा के मारचूला में हुए बस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशभर में स्वच्छता और सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान से देशभर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है और अब प्रधानमंत्री की स्वच्छ और स्वस्थ भारत की परिकल्पना साकार हो रही है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को एक महत्वपूर्ण पर्यटन और तीर्थाटन राज्य बताते हुए कहा कि राज्यवासियों को स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर देवभूमि को स्वच्छ रखने में मदद करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड राज्य अपने रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर रहा है, और 24 वर्षों में प्रदेश की जनता के सहयोग से राज्य ने हर क्षेत्र में तेज़ी से प्रगति की है। अब राज्य सरकार 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए जन सहभागिता से अल्पकालिक, लघुकालिक और दीर्घकालिक योजनाओं पर काम कर रही है।


