
एडिटर भारत न्यूज़ लाइव
लक्सर l शराब कारोबारी पर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ और मुजफ्फरनगर में छापेमारी की, लेकिन वे अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
यह घटना लक्सर के बालावाली तिराहे स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पास हुई। शराब कारोबारी सुशील कुमार, जो लंबे समय से शराब के व्यापार से जुड़ा हुआ है, बीते दिनों डेढ़ लाख रुपये की नकदी लेकर बाइक से अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह घर के पास पहुंचा और बाइक से उतरकर घर में घुसने की कोशिश कर रहा था, तभी तीन बाइक सवार युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सुशील कुमार किसी तरह घर में घुसकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि एक गोली घर के गेट को पार करती हुई अंदर जा पहुंची।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिससे आरोपी बाइक सवार वहां से फरार हो गए। सुशील कुमार की शिकायत पर पुलिस ने अंकुश (रोहालकी थाना खानपुर), सचिन (लक्सर) और एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, जिसमें आरोपियों की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने इस मामले में अभिषेक उर्फ गोल्डी, निवासी वार्ड संख्या तीन सीमली कोतवाली लक्सर, को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। हालांकि, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। पुलिस टीमों ने मेरठ और मुजफ्फरनगर में भी दबिश दी, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथान ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों के खिलाफ कुर्की वारंट भी लिया जाएगा और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


