एडिटर , भारत न्यूज लाइव
हरिद्वार । कनखल थाना क्षेत्र में बैरागी कैंप और जगजीतपुर के गंगा किनारे दो शव बरामद हुए। पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकालकर पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन अब तक उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई। शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है, और पुलिस टीमें पहचान की कोशिश कर रही हैं।
पहला मामला शनिवार दोपहर करीब दो बजे का है, जब बैरागी कैंप के ठोकर नंबर 10 पर गंगा किनारे एक शव मिलने की सूचना मिली। एसओ मनोज नौटियाल और उनकी टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र 30-35 साल के बीच है, और शव दो-तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
दूसरा शव जगजीतपुर में मातृ सदन आश्रम के पास गंगा किनारे पानी में फंसा हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को बाहर निकाला और आसपास के लोगों से पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कोई पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 40 साल है और शव एक-दो दिन पुराना लग रहा है।



