उत्तराखंडदेहरादूनराज्य
Trending

उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, प्रशासन हाई अलर्ट पर ।

एडिटर , भारत न्यूज़ लाइव

देहरादून। उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों के कुछ क्षेत्रों के लिए भारी से अत्यंत भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और बागेश्वर के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 20 जुलाई को रेड अलर्ट और 21 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी वर्षा, जलभराव, भूस्खलन तथा नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका जताई गई है।

मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारियों ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। भूस्खलन और जलभराव संभावित स्थानों पर जेसीबी मशीनें, राहत एवं बचाव उपकरण, आवश्यक मानव संसाधन तथा अन्य संसाधनों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी आपदा या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) को दी जाए। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ हालात पर लगातार नजर रखने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

जिलाधिकारी ने आम जनता से भी मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। लोगों से अनुरोध किया गया है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर न जाएं तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे किसी भी संभावित आपदा के दौरान जन-धन के नुकसान को कम किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *