उत्तराखंडरुड़कीहरिद्वार

रुड़की में गैस सिलेंडर फटने से हड़कंप, तीन लोग घायल

एडिटर , भारत न्यूज लाइव

हरिद्वार l रुड़की में एक मकान में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की लपटें गैस सिलेंडर तक पहुंचने पर सिलेंडर फट गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

यह हादसा गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित देवभूमि गैस एजेंसी के मालिक के घर में हुआ। गुरुवार को परिवार के सदस्य शादी समारोह में बाहर गए हुए थे, जबकि घर में एक महिला और तीन बच्चे मौजूद थे।

इसी दौरान अचानक आग लग गई, जो धीरे-धीरे गैस सिलेंडर तक पहुंच गई। घर में फंसे महिला और बच्चों को बचाने के लिए देशबंधु गुप्ता, शाहनवाज, और शहजाद ने अपनी जान जोखिम में डालकर उन्हें बाहर निकाला। हालांकि, इस दौरान तीनों बुरी तरह झुलस गए। गैस सिलेंडर फटने के बाद धमाके की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी और घायलों को रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। आग बुझाने के दौरान AC का कंप्रेसर भी फट गया, जिससे एक और धमाका हुआ और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

दमकल कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर घर के अंदर रखे अन्य दो सिलेंडरों को बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। हालांकि, जिस कमरे में आग लगी थी, वहां रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।

एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि घटना में गैस सिलेंडर और AC कंप्रेसर फटने की पुष्टि हुई है। घायलों का उपचार जारी है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। दमकल विभाग नुकसान का आकलन करने में जुटा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *