
एडिटर , भारत न्यूज़ लाइव
लक्सर l पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से करीब 8 लाख रुपये का चोरी किया हुआ सामान बरामद किया है. पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुटी है.
एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए बताया कि 19 अक्टूबर को रायसी स्थित एक दुकान से मोबाइल, लैपटॉप, स्पीकर आदि चोरी हुए थे, और 25 नवम्बर की रात सुल्तानपुर स्थित दुकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये के कपड़े और नकदी चोरी की गई थी. इन घटनाओं के संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की थी.
एसएसपी ने बताया कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में हुई एक चोरी की घटना को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने लक्सर क्षेत्र से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया. इन आरोपियों के पास सुल्तानपुर, रायसी और बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र से चोरी किया गया माल था.
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के नाम जावेद (51 वर्ष), निवासी मखियाली, थाना मंडी, जिला मुजफ्फरनगर (यूपी) और रवि सैनी (27 वर्ष), निवासी केशवनगर, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार हैं. एसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि जावेद पर 23 और रवि के खिलाफ 5 मुकदमे पहले से दर्ज हैं.
पुलिस जांच में यह सामने आया कि जावेद और रवि देवबंद सहारनपुर जेल में एक दूसरे से मिले थे और वहीं दोनों की दोस्ती हुई. जेल से रिहा होने के बाद दोनों ने दिन में दुकानों और मकानों की रेकी की और रात में उन पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया. ये आरोपी ऐसे मकान और दुकानें निशाना बनाते थे, जिनके पीछे खुला मैदान हो. चोरी के बाद वे सामान को एकांत स्थान पर छिपाकर भूमिगत हो जाते थे और बाद में उसे बेचकर अपना काम चलाते थे.
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया करीब 8 लाख रुपये का सामान बरामद किया है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है.


