उत्तराखंडहरिद्वार

हरिद्वार: श्यामपुर में अज्ञात शव की हत्या का खुलासा, दो दोस्तों ने मिलकर की हत्या

एडिटर , भारत न्यूज़ लाइव

हरिद्वार l जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र में 24 नवंबर को मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की पहचान और हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतक की शिनाख्त अभय शर्मा उर्फ हनी, निवासी पश्चिमी दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए बताया कि अभय शर्मा की हत्या उसके दो दोस्तों ने ही की थी।

मृतक का चेहरा पत्थर से कुचला गया था
हरिद्वार एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि 24 नवंबर को श्यामपुर थाना क्षेत्र में रवासन नदी के किनारे एक अज्ञात शव मिला था, जिसका चेहरा पत्थर से कुचला गया था, जिससे पहचान में मुश्किल हो रही थी। पुलिस ने शव की पहचान के लिए इलाके के एक हजार ठेकेदारों और मजदूरों का सत्यापन किया और यूपी के बिजनौर, बलिया, नजीबाबाद तथा बरेली तक भेजी गई टीमों ने मृतक की शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

सीसीटीवी फुटेज से मिले अहम सुराग
पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले। पेड़ों पर पड़ती रोशनी के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध गाड़ियों का पीछा करते हुए करीब 500 अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की, जिससे एक संदिग्ध बाइक का पता चला। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की मदद से बाइक सवार दो व्यक्तियों, नीरज शुक्ला और नागेंद्र की पहचान की।

दोस्त ही निकले हत्यारे
नीरज शुक्ला और नागेंद्र को कोतवाली नगर क्षेत्र में एक होटल में देखा गया, जहां पुलिस ने नीरज शुक्ला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में नीरज ने बताया कि मृतक का नाम अभय शर्मा था और उसे उन्होंने ही मार डाला।

अभय शर्मा पर था भारी कर्ज
पुलिस के अनुसार, अभय शर्मा एक अय्याश किस्म का व्यक्ति था और दिल्ली में ह्यूमन ट्रैफिकिंग का काम करता था। उसकी आदतें उसे भारी कर्ज में डाल चुकी थीं। नीरज और नागेंद्र भी उसके साथ सट्टा खेलते थे, और अभय ने नीरज के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपए का उधारी लिया था।

हत्या का साजिश
अभय शर्मा के कर्जदार उसे पैसे वापस मांग रहे थे, जिससे नीरज परेशान था। उसे लगने लगा कि अभय कर्ज नहीं उतारेगा, जिससे उसके पैसे डूब जाएंगे। इसी कारण नीरज ने नागेंद्र के साथ मिलकर अभय की हत्या की योजना बनाई। दोनों ने उसे हरिद्वार एक तांत्रिक से मिलाने के बहाने बुलाया, जहां नशा करने के बाद उन्होंने उसे सुनसान इलाके में ले जाकर गला घोंटकर मार डाला। पहचान मिटाने के लिए उन्होंने पत्थर से उसका चेहरा कुचल दिया और उसके बाद उसके सामान समेत बाइक लेकर फरार हो गए।

पुलिस की गिरफ्त में नीरज, नागेंद्र की तलाश जारी
पुलिस ने नीरज को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन नागेंद्र अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *