
एडिटर , भारत न्यूज़ लाइव
उत्तराखंड l प्रदेश के माध्यमिक अतिथि शिक्षकों का मानदेय ₹25,000 से बढ़ाकर ₹30,000 करने के प्रस्ताव को वित्त विभाग ने रद्द कर दिया है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने पिछले महीने यह प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा था। वित्त सचिव दिलीप जावलकर के अनुसार, अतिथि शिक्षकों का मानदेय पहले ही ₹15,000 से बढ़ाकर ₹25,000 किया गया था, और इतनी जल्दी इसे फिर से बढ़ाना संभव नहीं है।
प्रदेश के विभिन्न दुर्गम और अति दुर्गम विद्यालयों में अतिथि शिक्षक वर्ष 2015 से कार्यरत हैं। शुरुआत में इन्हें प्रतिवादन के आधार पर मानदेय दिया गया, जिसे समय-समय पर बढ़ाया गया। वर्ष 2018 में मानदेय ₹15,000 किया गया था और वर्ष 2021-22 में इसे बढ़ाकर ₹25,000 कर दिया गया।
अतिथि शिक्षक लंबे समय से मानदेय बढ़ाने और उनके पदों को सुरक्षित करने की मांग कर रहे हैं। अतिथि शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री दौलत जगुड़ी ने बताया कि अतिथि शिक्षकों के पदों को खाली न मानने का प्रस्ताव पहले कैबिनेट में लाया गया था, लेकिन इसका शासनादेश जारी नहीं हुआ। साथ ही, शिक्षकों की गृह जिलों में तैनाती का मामला भी अभी लंबित है।


