
एडिटर , भारत न्यूज़ लाइव
देहरादून l घंटाघर क्षेत्र में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनाए गए नए स्पीड ब्रेकर हादसों का कारण बन रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बिना संकेतक लगाए बनाए गए इन स्पीड ब्रेकर्स की वजह से सोमवार को लगातार सात दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन हादसों में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि एक तीन साल का बच्चा भी बुरी तरह चोटिल हो गया।
घटनास्थल का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बच्चे को हादसे के बाद रोते हुए देखा जा सकता है। बच्चा अपनी मां के हाथ से छिटककर दूर जा गिरा था। उसके पिता ने तुरंत उसे संभाला, लेकिन बच्चा बुरी तरह सहमा हुआ था।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान मार्ग पर कोई संकेतक या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया था। इसके चलते वाहन चालकों को ब्रेकर का पता नहीं चला और हादसे हुए।
स्मार्ट सिटी की जनसंपर्क अधिकारी प्रेरणा ध्यानी ने इस मामले पर कहा कि निर्माण के तुरंत बाद ब्रेकर पर पेंट नहीं किया जा सकता। इसलिए बैरियर लगाकर रोड को बंद कर दिया गया है। हालांकि, स्थानीय लोग इसे पर्याप्त नहीं मान रहे और बेहतर प्रबंधन की मांग कर रहे हैं।


