भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण संघ की बैठक खटीमा में सम्पन्न, रहमत हुसैन को मिली नई जिम्मेदारी

भारत न्यूज़ लाइव
खटीमा, उधम सिंह नगर। दिनांक 13 सितम्बर 2025 को भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक शीतल मार्केट, रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्री देवेंद्र सिंह ने की। इस अवसर पर संगठनात्मक मजबूती और श्रमिकों के कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक का मुख्य आकर्षण कुमाऊँ मण्डल के लिए नई जिम्मेदारी सौंपने की घोषणा रही। संगठन ने सर्वसम्मति से श्री रहमत हुसैन, पुत्र श्री अहमद हुसैन, को कुमाऊँ मण्डल का सचिव एवं जिला प्रभारी मनोनीत किया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री अर्जुन धौनी उपस्थित रहे। उन्होंने औपचारिक रूप से रहमत हुसैन को नियुक्ति पत्र सौंपा और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस मौके पर प्रांतीय उपाध्यक्ष ने कहा कि रहमत हुसैन का संगठन में अब तक का कार्य सराहनीय रहा है और उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह न केवल संगठन की मजबूती बल्कि कर्मकार भाइयों एवं बहनों के हितों की रक्षा में भी महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नए सचिव संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

बैठक में संगठन के कई पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। जिला महामंत्री श्री सतीश सिंह राणा, जिला संगठन मंत्री श्री अंकित राणा, वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज बायवा, गीता, सुखदेव सिंह समेत अनेक सदस्य इस अवसर पर मौजूद थे। सभी ने रहमत हुसैन को बधाई देते हुए संगठन की नीतियों और श्रमिक कल्याण योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक का समापन संगठन की एकजुटता और श्रमिक वर्ग की भलाई के संकल्प के साथ हुआ।


