उत्तराखंडखेलटिहरी गढ़वालनई टिहरीपर्यटनराज्य
Trending

डीएम टिहरी ने एम.टी.बी. (साइकिल रैली) को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

विक्रम सिंह कठैत ( एडिटर) ,भारत न्यूज़ लाइव

नई टिहरी। राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में टिहरी जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल सुश्री नितिका खण्डेलवाल ने डायजर, नई टिहरी से एम.टी.बी. “शो” (माउंटेन ट्रैक बाइकिंग साइकिल रैली) को हरी झंडी दिखाकर चंबा के लिए रवाना किया। साइकिल रैली का आयोजन जिला पर्यटन विभाग के तत्वाधान में आई.टी.बी.पी. कोटी कॉलोनी तथा नेहरू युवा केंद्र, टिहरी गढ़वाल के सहयोग से किया गया।

इस रैली में टिहरी झील क्षेत्र और पर्वतीय मार्गों की प्राकृतिक खूबसूरती को भावी पर्यटन केंद्र के रूप में प्रचारित करने का उद्देश्य रखा गया। एम.टी.बी. “शो” रैली का रूट नई टिहरी से चंबा, सुलियाधार, रामगांव, जाख होते हुए कोटी कॉलोनी तक निर्धारित किया गया। लगभग 40 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक में 20 उत्साही बच्चों ने प्रतिभाग किया, जिनमें विभिन्न स्कूलों और युवाओं के खेल समूहों से जुड़े प्रतिभागी शामिल थे। छोटे बच्चों से लेकर युवाओं तक की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं, बल्कि टिहरी जनपद में साहसिक एवं खेल पर्यटन को भी प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पर्यटन और खेल क्षेत्र में ऐसे आयोजनों का विस्तार, स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा। साथ ही, इससे टिहरी झील क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।

डीएम ने कहा कि टिहरी जनपद में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को ऐसे आयोजनों से जोड़ा जाए, जिससे वे खेल प्रशिक्षण, रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें। उन्होंने प्रतिभागियों को सुरक्षित साइक्लिंग, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और जिम्मेदार खेल भावना का संदेश भी दिया।

रैली के शुभारंभ के अवसर पर डी.टी.डी.ओ. एस.एस. राणा, पर्यटन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, आई.टी.बी.पी. के प्रतिनिधि, नेहरू युवा केंद्र के पदाधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से इस आयोजन की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

रैली के समापन के बाद प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए और उन्हें प्रोत्साहित करते हुए भविष्य में भी सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया गया। पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यटन संवर्धन जैसे बहुआयामी उद्देश्यों से जुड़ी यह रैली टिहरी जनपद के लिए एक सकारात्मक पहल के रूप में देखी जा रही है।

Read Also : http://जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल ने किया चम्बा महोत्सव–2025 का शुभारंभ l

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *