
नवीन चन्द्र कुरील ( चीफ एडिटर , भारत न्यूज़ लाइव )
उत्तरकाशी। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के उत्तरकाशी दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मंत्री के जनपद भ्रमण के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए काले झंडे दिखाए, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत आयोजित शिविर में प्रतिभाग करने उत्तरकाशी पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब मंत्री का काफिला वापस लौट रहा था, तभी गंगोरी पुल के पास पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अचानक सड़क पर उतरकर मंत्री के काफिले को रोकने का प्रयास किया।
घटना के दौरान गंगोरी पुल पर भारी पुलिस बल तैनात था, इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अचानक सड़क पर उतर आने से स्थिति असहज हो गई। कुछ देर के लिए पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए और यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक गतिरोध बना रहा।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और कैबिनेट मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में काले झंडे लेकर मंत्री गणेश जोशी का विरोध किया और सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और केवल प्रचार अभियानों तक सीमित रह गई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार समाधान के बजाय दिखावटी कार्यक्रमों में व्यस्त है। इसी के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।
वहीं, पुलिस प्रशासन ने स्थिति को संभालते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया और काफिले को सुरक्षित आगे बढ़ाया। कुछ देर बाद पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ और मंत्री का काफिला आगे के लिए रवाना हो सका।
घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। पुलिस पूरे मामले की निगरानी कर रही है।
इस विरोध प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर एक बार फिर तेज हो गया है।
Read Also : http://कोलीढेक में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम, 70 से अधिक शिकायतों का मौके पर निस्तारण



