एडिटर , भारत न्यूज लाइव
हरिद्वार। दीपावली पर शहर में कूड़े की मात्रा सामान्य दिनों की तुलना में 115 मीट्रिक टन अधिक बढ़ गई, जिसे नगर निगम के सफाईकर्मियों ने उठाया। सामान्य दिनों में हरिद्वार के 60 वार्डों से प्रतिदिन 220-225 मीट्रिक टन कूड़ा उठाया जाता है, जो शनिवार को बढ़कर 340 मीट्रिक टन तक पहुंच गया।
नगर निगम ने शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी वार्डों में पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मी तैनात किए हैं। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह के लिए दो कंपनियों के साथ करार किया गया है, जिनके 50 वाहन कूड़ा उठाने में लगे हैं। दीपावली पर कूड़ा बढ़ने की संभावना को देखते हुए नगर निगम ने पहले से तैयारी की थी और सफाईकर्मियों की छुट्टियाँ रद्द कर दी थीं।
शनिवार सुबह से ही शहर के विभिन्न हिस्सों से कूड़े का उठान शुरू कर दिया गया। वरिष्ठ सफाई निरीक्षक श्रीकांत ने बताया कि आमतौर पर निगम क्षेत्र से 220-225 टन कूड़ा प्रतिदिन उठाया जाता है, लेकिन दीपावली के कारण यह बढ़कर 340 टन हो गया।


