एडिटर ,भारत न्यूज़ लाइव
हरिद्वार: वन विभाग ने अवैध वन तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पथरी रेंज के जंगल में देर रात वन तस्कर खैर के हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई कर रहे थे, जब वन विभाग की टीम ने छापा मारा। इस कार्रवाई में चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनके पास से खैर की लकड़ियों के 32 नग बरामद हुए। आरोपियों का कहना है कि उन्होंने पहले भी लक्सर और खानपुर रेंज में खैर के बेशकीमती पेड़ों की तस्करी की थी।
वन विभाग की जांच में यह भी पता चला कि इस गिरोह के तार उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हुए हैं। गिरोह के अन्य सदस्य फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। डीएफओ वैभव सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और वन तस्करी पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।


