
भारत न्यूज़ लाइव
लक्सर: डिजिटल और कैशलेस यात्रा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लक्सर रेलवे विभाग ने अनारक्षित टिकट (जनरल टिकट) बुकिंग को और अधिक आसान बना दिया है। अब यात्री क्यूआर कोड की सहायता से टिकट बुक कर सकते हैं, जिससे उन्हें रेलवे स्टेशन पर लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं रहेगी।
मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि पहले यात्रियों को जनरल टिकट के लिए स्टेशन पर लाइन में लगना पड़ता था। इस समस्या से निपटने के लिए लक्सर रेलवे विभाग ने टिकट घरों पर क्यूआर कोड की व्यवस्था की है। यात्रियों को अब सिर्फ क्यूआर कोड स्कैन करके आसानी से टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी।
यूटीएस ऐप के माध्यम से टिकट बुकिंग को और सरल बनाने के लिए दूरी की सीमा भी हटा दी गई है। अब यात्री इस ऐप को एंड्राइड, आईओएस और विंडोज ऑपरेटिंग सिस्टम पर मुफ्त में डाउनलोड कर सकते हैं।
आदित्य गुप्ता ने कहा कि क्यूआर कोड के जरिए टिकट खरीदने की प्रक्रिया में पेमेंट ऑनलाइन बैंकिंग या आर वायलेट के माध्यम से की जा सकती है। मंडल के रेलवे स्टेशनों पर अनारक्षित और आरक्षित टिकट का भुगतान भी क्यूआर कोड के माध्यम से संभव है।
स्थानीय यात्रियों ने रेलवे विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि क्यूआर कोड प्रणाली से टिकट बुकिंग में आसानी होगी और उन्हें खुले पैसे की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। इससे यात्रा की प्रक्रिया और भी सुविधाजनक हो जाएगी।


