उत्तराखंडलक्सरहरिद्वार

लक्सर: बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर गैस सिलेंडर डिलीवरी बॉय से की हजारों की लूट

भारत न्यूज़ लाइव

हरिद्वार l लक्सर में एक बार फिर से अपराधियों ने दुस्साहसिक लूट की घटना को अंजाम दिया। इस बार बदमाशों ने बाइक पर सवार होकर भारत पेट्रोलियम के रसोई गैस सिलेंडर की डिलीवरी कर रहे एक कर्मी को निशाना बनाया। घटना 14 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे की है, जब डिलीवरी बॉय अरुण गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने के बाद टेंपो लेकर लक्सर के हरिद्वार मार्ग पर स्थित दाबकी और ढाढेकी इलाके से लौट रहा था।

माहेश्वरी गांव के पास, अचानक बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया और तमंचे की नोंक पर अरुण से उसका बैग छीनकर फरार हो गए। इस बैग में करीब चालीस हजार रुपये की नकदी थी। लूट की वारदात से हैरान अरुण ने तत्काल घटना की सूचना लक्सर कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। लक्सर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि लक्सर और उसके आसपास के इलाकों में हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं में तेजी आई है। कुछ समय पहले फाइनेंस कंपनी के एक कलेक्शन एजेंट के साथ भी इसी तरह की लूट की घटना हुई थी। वहीं, अक्टूबर माह में खानपुर थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में बदमाशों ने बंदूक के बल पर लूटपाट की और जाते-जाते धमकी देते हुए एक कार भी लेकर फरार हो गए थे। इसी माह में शराब व्यापारी से भी लूट की घटना सामने आई थी। हालांकि पुलिस ने कई मामलों में कार्रवाई करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार भी किया है, लेकिन इसके बावजूद भी बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *